
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर जिले का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग दूसरे दिन भी बिठूर स्थित पुरुषोत्तम ग्रीन में आयोजित हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में विभिन्न सत्रों के माध्यम से संगठन विस्तार, अंत्योदय, भाजपा के इतिहास और वैचारिक अधिष्ठान जैसे विषयों पर चर्चा की गई। आठवें सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र अध्यक्ष प्रकाश पाल ने संगठन विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि भाजपा विचारधारा आधारित पार्टी है, जो राष्ट्र निर्माण और समाज के हर वर्ग को जोड़ने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ समाज के सभी वर्गों को भाजपा से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने असंगठित क्षेत्र में कार्य करने वाले युवाओं और सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों से जुड़े लोगों को भी पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया।नवम सत्र में उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार मंत्री अजीत पाल ने “अंत्योदय से संतृप्ति तक” विषय पर कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार योजनाओं की शत-प्रतिशत संतृप्ति सुनिश्चित करने पर काम कर रही है।दसवें सत्र में बाबूराम निषाद ने भाजपा के इतिहास और विकास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जनसंघ से भाजपा तक की यात्रा कार्यकर्ताओं के संघर्ष और राष्ट्रहित की भावना का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है।समापन सत्र में पूर्व सांसद रामशंकर कठेरिया ने भाजपा के वैचारिक अधिष्ठान पर चर्चा करते हुए कहा कि पार्टी पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांतों पर आधारित है। भाजपा राष्ट्रवाद और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को केंद्र में रखकर कार्य करती है।कार्यक्रम का संचालन डॉ. जन्मेजय सिंह ने किया। प्रशिक्षण वर्ग में जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, सांसद रमेश अवस्थी, विधायक नीलिमा कटियार, सुरेंद्र मैथानी, सुरेश अवस्थी समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
