
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। भाजपा के 200 से अधिक मंडल अध्यक्षों की बैठक रविवार को लैंडमार्क होटल में हुई। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने मंडल अध्यक्षों से संगठन की जमीनी गतिविधियों और बूथ स्तर पर चल रहे कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत बूथ कार्यकर्ता हैं, इसलिए पार्टी के अभियान और कार्यक्रमों का असर जमीनी स्तर पर दिखाई देना चाहिए।उन्होंने जिला पदाधिकारियों को मंडलों और मंडल पदाधिकारियों को शक्ति केंद्रों पर नियमित प्रवास करने के निर्देश दिए। साथ ही बूथ समितियों की सक्रियता, आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियानों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।बैठक के बाद सोशल मीडिया के 50 से अधिक पदाधिकारियों के साथ भी बैठक हुई, जिसमें पार्टी के सोशल मीडिया कंटेंट और गतिविधियों की जानकारी ली गई। क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। बैठक का संचालन क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नीतू सिंह ने किया। इस दौरान प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, शंकर लाल लोधी, प्रकाश पाल, सांसद अशोक रावत समेत आठ संगठनात्मक जिलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।