news-details

भाजपा की सोशल मीडिया टीम को बीएल संतोष का मंत्र

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को कानपुर के लैंडमार्क होटल में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने कानपुर कमिश्नरी के आठों संगठनात्मक जिलों के विधानसभा सोशल मीडिया संयोजकों के साथ बैठक की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विपक्ष के कथित झूठे और भ्रामक नैरेटिव का तथ्यों एवं प्रमाणों के साथ जवाब देने का आह्वान किया।बीएल संतोष ने कहा कि सोशल मीडिया केवल प्रचार का माध्यम नहीं है, बल्कि जनता तक सही जानकारी पहुंचाने का प्रभावी मंच भी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया के सभी प्रमुख प्लेटफॉर्म पर सक्रिय रहने और विपक्ष की ओर से फैलाए जा रहे भ्रम पर लगातार नजर रखने को कहा। उन्होंने जोर दिया कि किसी भी गलत सूचना का जवाब तथ्यों और प्रमाणिक जानकारी के आधार पर दिया जाए।उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को भी सोशल मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए। गरीब, किसान, युवा और महिलाओं से जुड़ी योजनाओं के प्रभाव को आंकड़ों, लाभार्थियों की वास्तविक कहानियों और स्थानीय विकास कार्यों के जरिए सामने लाने पर जोर दिया।राष्ट्रीय महामंत्री संगठन ने कहा कि डिजिटल अभियान विधानसभा से मंडल और मंडल से बूथ स्तर तक मजबूत होना चाहिए। स्थानीय मुद्दों और स्थानीय भाषा के माध्यम से जनता से डिजिटल संवाद बढ़ाया जाए। उन्होंने सोशल मीडिया संयोजकों से उनके कार्यक्षेत्र और गतिविधियों की जानकारी भी ली।बैठक का संचालन क्षेत्रीय मंत्री रीता कठेरिया ने किया। इस दौरान महेंद्र विक्रम सिंह, हर्ष द्विवेदी, मयंक भट्ट समेत आठों संगठनात्मक जिलों के सोशल मीडिया संयोजक मौजूद रहे।