
पारदर्शी विकास न्यूज़, कानपुर। भाजपा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र की अगुवाई में 4 नवंबर को कानपुर में पदयात्रा निकाली जाएगी। दोपहर 12 बजे बृजेन्द्र स्वरूप पार्क से शुरू होकर यात्रा मोतीझील तक पहुंचेगी। पार्टी के अनुसार, इसमें हजारों कार्यकर्ता तख्तियां लेकर शामिल होंगे।पदयात्रा की अगुवाई उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री जगदीश भाई पटेल, क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू और क्षेत्रीय प्रभारी शंकर लाल लोधी करेंगे। इसमें सांसद, विधायक, जिला अध्यक्ष सहित पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी शामिल होंगे।कानपुर देहात की चारों विधानसभा सीटों के 16 मंडलों से कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है। जिला अध्यक्ष रेणुका सचान के अनुसार, जिले से 100 से अधिक बसें और एक हजार से ज्यादा चौपहिया वाहन पहुंचेंगे। जिला मीडिया प्रभारी विकास मिश्रा ने बताया कि युवाओं की भी बड़ी भागीदारी रहेगी। पार्टी ने पदयात्रा को जंतर-मंतर की गतिविधियों और इंडी गठबंधन की राजनीति के जवाब में आयोजित करने की बात कही है।