
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को अपने पहले उत्तर प्रदेश दौरे पर लखनऊ पहुंचे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक करीब 18 किलोमीटर लंबे रोड शो की शुरुआत हुई, जिसमें भारी जनसमर्थन देखने को मिला।रोड शो के दौरान 42 से अधिक स्थानों पर कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों ने पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और स्वागत कार्यक्रम किए। पूरे शहर में लगभग एक लाख पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं, जबकि 50 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को स्वागत के लिए तैनात किया गया है। ओपन वैन में मुख्यमंत्री योगी, दोनों उपमुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष भी नितिन नवीन के साथ मौजूद रहे।स्वागत मार्ग कृष्णानगर, आलमबाग, चारबाग, दीनदयाल स्मृतिका और बर्लिंगटन चौराहा होते हुए प्रदेश मुख्यालय तक गया। इस दौरान कई स्थानों पर भारी भीड़ के कारण जाम की स्थिति भी बनी रही। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह दौरा संगठन को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।