
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। फैजुल्लागंज क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए अभियान जारी है। शनिवार को गणेश विहार, दुर्गापुरी सहित अन्य प्रभावित इलाकों में राशन सामग्री, भोजन के पैकेट और मेडिकल किट वितरित किए गए। इस दौरान केंद्रीय रक्षामंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने वीडियो कॉल के माध्यम से बाढ़ पीड़ितों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। राहत वितरण अभियान में विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा, रक्षामंत्री के विशेष कार्याधिकारी के.पी. सिंह, जनसंपर्क अधिकारी राघवेंद्र शुक्ला और वरिष्ठ नेता पुष्कर शुक्ला मौजूद रहे। राजनाथ सिंह ने राहत कार्यों की जानकारी लेते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों को आवश्यक मदद उपलब्ध कराने के प्रयास जारी रखे जाएंगे। उन्होंने जल्द लखनऊ आकर क्षेत्र का दौरा करने का भी आश्वासन दिया। विधायक डॉ. नीरज बोरा ने बताया कि गोमती नदी का जलस्तर घट रहा है। उनके अनुसार, नैमिषारण्य में जलस्तर करीब एक मीटर कम हुआ है, जबकि लखनऊ तक इसका असर पहुंचने में 30 से 36 घंटे लग सकते हैं। उन्होंने अगले एक सप्ताह में हालात सामान्य होने की उम्मीद जताई। डॉ. बोरा ने कहा कि प्रभावित परिवारों को राशन उपलब्ध कराया जाएगा। सफाई, चिकित्सा और राहत व्यवस्था के लिए प्रशासन अलर्ट है तथा उनकी टीम भी लगातार सहायता कार्यों में जुटी है।