
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से फैजुल्लागंज क्षेत्र के दाऊदनगर, मामा कॉलोनी समेत आसपास के इलाकों में बने बाढ़ जैसे हालात के बीच लखनऊ उत्तर के विधायक डॉ. नीरज बोरा और विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ नाव से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। दोनों ने घर-घर पहुंचकर लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और राहत-बचाव कार्यों का जायजा लिया।मामा कॉलोनी में प्रभावित परिवारों को जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से राशन सामग्री किट वितरित की गई। किट में दाल, चना, चावल, आटा, तेल, नमक, चीनी, आलू-प्याज सहित जरूरी सामान के अलावा सैनिटरी पैड, साबुन, मोमबत्ती और अन्य उपयोगी सामग्री शामिल थी। विधायक ने प्रभावित लोगों से चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी भी ली और अधिकारियों को आवश्यक राहत एवं स्वास्थ्य सुविधाएं लगातार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि सरकार और प्रशासन प्रभावित परिवारों के साथ है। उन्होंने बताया कि फैजुल्लागंज में जलभराव की स्थायी समस्या के समाधान के लिए आईआईएम रोड से हार्डिंग ब्रिज तक बांध निर्माण का करीब 182 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। विधायक ने बांध निर्माण की प्रक्रिया में शीघ्र कार्रवाई का अनुरोध किया है।