बाढ़ प्रभावितों से मिले मंत्री, रिंग बांध की योजना बनाने के निर्देश
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। मत्स्य विभाग के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद बुधवार को निर्धारित समय से करीब एक घंटे पहले खड्डा तहसील के सालिकपुर और महदेवा गांव पहुंचे। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की।
ग्रामीणों ने हर साल नारायणी नदी में जलस्तर बढ़ने से होने वाली बाढ़ की समस्या बताते हुए स्थायी समाधान के लिए रिंग बांध निर्माण की मांग की। इस पर मंत्री ने एसडीएम डॉ. संतराम बघेल और विधायक विवेकानंद पाण्डेय को रिंग बांध की कार्ययोजना तैयार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्ययोजना तैयार होने के बाद इसे मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा।मंत्री ने बाढ़ खंड के अधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों में लापरवाही न बरतने तथा जरूरतमंदों तक समय से राहत सामग्री पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य शिविर और मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को पशु चिकित्सा शिविर लगाने को कहा।मंत्री ने कहा कि सरकार बाढ़ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। इस दौरान विधायक विवेकानंद पाण्डेय, एसडीएम डॉ. संतराम बघेल, नगर पंचायत छितौनी अध्यक्ष अशोक निषाद सहित संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।