
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। बिधनू थाना क्षेत्र के किसुनपुर गांव में पोल्ट्री फार्म कारोबारी के घर से चोर साढ़े चार लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। घटना सोमवार देर रात की है। चोर घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।पीड़ित संजय कुमार ने बताया कि रात में परिवार पहली मंजिल के कमरों में ताला लगाकर नीचे कमरे में सो रहा था। सुबह उठने पर बाहर से कुंडी लगी मिली। ऊपर जाकर देखा तो कमरों के ताले टूटे पड़े थे और अलमारी से साढ़े चार लाख रुपये गायब थे।सीसीटीवी फुटेज में चार बदमाश दिखाई दे रहे हैं। सभी ने चेहरे अंगोछे से ढके हुए थे और उनके हाथों में कटर व चापड़ नजर आए। बदमाश पड़ोसी की छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और करीब डेढ़ घंटे तक घर में तोड़फोड़ करते रहे। जाते समय वे फ्रिज में रखा रसगुल्ले का डिब्बा और ब्रांडेड जूते भी ले गए।चोरों ने अलमारी के लॉकर को तोड़ने की भी कोशिश की, लेकिन उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण सुरक्षित बच गए। कारोबारी ने बताया कि एक दिन पहले ही कारोबार से करीब 10 लाख रुपये आए थे, जिनमें से पांच लाख बैंक में जमा कर दिए गए थे जबकि साढ़े चार लाख घर में रखे थे।तेज बहादुर सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि घटना रेकी के बाद किसी शातिर गैंग ने अंजाम दी है। जल्द खुलासा किया जाएगा।