
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र में 12वीं कक्षा के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में छत से गिरकर मौत हो गई। घटना आजाद गेस्ट हाउस के सामने स्थित सुल्तान फाउंडेशन कैंपस की है, जहां छात्र रहकर पढ़ाई कर रहा था।मृतक की पहचान हाथरस निवासी 16 वर्षीय रोहित शर्मा पुत्र हरीश शर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रोहित सुल्तान फाउंडेशन के कैंपस में रहकर अपनी पढ़ाई कर रहा था।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शनिवार रात रोहित छत पर टहल रहा था। इसी दौरान वह अचानक छत से नीचे गिर गया। हालांकि छात्र किन परिस्थितियों में गिरा, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।घटना की सूचना मिलते ही बंथरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही छात्र की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।