
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर शिक्षक दिवस के अवसर पर ‘पाठशाला पुकारे’ कार्यक्रम के तहत लखनऊ मध्य विधानसभा क्षेत्र के नरही में प्रदर्शन किया गया। विधायक रविदास मेहरोत्रा के नेतृत्व में हजरतगंज-नरही वार्ड स्थित राजकीय इंटर कॉलेज नरही और प्राथमिक विद्यालय नरही के बाहर सपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने विद्यालय बंद किए जाने का विरोध किया। इस दौरान ‘पीडीए की पाठशाला’ भी लगाई गई।रविदास मेहरोत्रा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में 26 हजार स्कूल बंद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इससे गरीब, पिछड़े, दलित, वंचित और पीडीए समाज के बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। मेहरोत्रा ने कहा कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने और अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री बनने पर बंद किए गए सभी 26 हजार स्कूलों को फिर से खोलने की दिशा में काम किया जाएगा।उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर केजी से पीजी तक सभी छात्रों को निशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य होगा, ताकि आर्थिक अभाव के कारण कोई गरीब बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।कार्यक्रम में मोहम्मद अहमद, योगेंद्र यादव, विक्रमादित्य, शनि कनौजिया, लता जयसवार, विजयलक्ष्मी, सलमान खान, तालिब सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।