
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। सावन के पहले दिन बिठूर के गुदारा घाट पर गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गंगा में नहाने उतरी चार छात्राएं तेज बहाव की चपेट में आ गईं। घाट पर मौजूद एक दुकानदार और स्थानीय युवकों की बहादुरी से तीन छात्राओं को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि 16 वर्षीय मुस्कान तेज बहाव में बह गई। उसकी तलाश के लिए पुलिस और गोताखोरों की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। जानकारी के अनुसार, कन्नौज निवासी अनुष्का अपनी सहेलियों रिया कुशवाहा, रिया कश्यप और ममेरी बहन मुस्कान के साथ बिठूर घूमने आई थी। गंगा स्नान के दौरान चारों गहरे पानी में चली गईं और बहने लगीं। घाट पर कॉस्मेटिक की दुकान चलाने वाले रामजी द्विवेदी ने तुरंत गंगा में छलांग लगाकर स्थानीय युवकों की मदद से तीन छात्राओं की जान बचा ली। सूचना पर पहुंची बिठूर पुलिस ने गोताखोरों की मदद से लापता किशोरी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से तेज बहाव के बीच गहरे पानी में न उतरने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।