
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। बिठूर नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के उपचुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। यहां 13 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 15 अक्टूबर को कराई जाएगी। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। उपचुनाव के लिए नगर पंचायत क्षेत्र में पांच मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 10 बूथों पर मतदान होगा। मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए तैनात कर्मचारियों को 7 अक्टूबर को प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को निर्वाचन संबंधी नियमों और उनकी जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी दी जाए, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की समस्या न हो। प्रशासन ने चुनाव की तैयारियों को समय से पूरा करने और मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए हैं।