
PARDARSHI VIKASH NEWS बांदा जनपद में शनिवार को वट सावित्री अमावस्या का पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुहागिन महिलाओं ने अपने पतियों की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना के साथ विधिवत पूजा-अर्चना की।सुबह से ही महिलाएं पूजा सामग्री लेकर वट वृक्षों और बरगद के पेड़ों के पास पहुंचने लगीं। उन्होंने विधि-विधान से वट वृक्ष की पूजा की और उसके चारों ओर कच्चा धागा बांधकर पति की दीर्घायु की कामना की। कई महिलाओं ने इस अवसर पर निर्जला व्रत भी रखा।पूजन के दौरान महिलाओं ने सावित्री-सत्यवान और यमराज की पौराणिक कथा का श्रवण किया। धार्मिक मान्यता के अनुसार, सावित्री ने अपने तप और संकल्प से यमराज से अपने पति सत्यवान के प्राण वापस प्राप्त किए थे।मंदिरों और वट वृक्षों के पास पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूजा संपन्न कराई गई, जिससे पूरे जिले में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। परसोली न्याय पंचायत के ग्राम पंचायत दतौरा सहित कई क्षेत्रों में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक यह पर्व मनाया।