
PARDARSHI VIKASH NEWS बांदा जिले में महिला से लूट के आरोपियों की पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तारी के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मुठभेड़ में घायल आरोपी आदेश के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाते हुए इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है।मामले की गंभीरता को देखते हुए हाईकोर्ट ने जनपद न्यायालय से तत्काल रिपोर्ट तलब की। इसके बाद न्यायिक अधिकारियों की एक टीम देर रात जिला अस्पताल पहुंची और पूरे मामले की जांच-पड़ताल की।यह घटना बदौसा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, रविवार को मुठभेड़ के बाद बिसंडा थाना क्षेत्र के पुनाहुर निवासी आदेश को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस का दावा है कि आरोपी लूट की घटना में शामिल था और जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसके एक अन्य साथी उमेश को भी गिरफ्तार करने का भी दावा किया है।वहीं घायल आरोपी आदेश के परिजनों ने पुलिस के दावों को पूरी तरह खारिज किया है। उनका आरोप है कि दोनों आरोपियों को मुठभेड़ से चार दिन पहले ही हिरासत में ले लिया गया था और बाद में फर्जी मुठभेड़ दिखाकर आदेश को गोली मारी गई।परिजनों की याचिका पर सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने मामले को गंभीर मानते हुए जनपद न्यायालय से दो घंटे के भीतर रिपोर्ट मांगी। इसके बाद जिला जज अल्पना, एडीजे और सीजेएम की टीम देर रात करीब 10 बजे जिला अस्पताल पहुंची।न्यायिक टीम ने ट्रॉमा सेंटर में भर्ती घायल आरोपी से जुड़े दस्तावेजों और मेडिकल रिकॉर्ड की करीब एक घंटे तक जांच की और आवश्यक रिकॉर्ड अपने कब्जे में लेकर लौट गई। इस अचानक कार्रवाई से पुलिस विभाग में हलचल मच गई है।फिलहाल परिजन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं ताकि घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके।