
PARDARSHI VIKASH NEWS पुरुषोत्तम माह में ब्रज के मंदिरों में होली उत्सव की अनोखी छटा देखने को मिली। नंदगांव के नंदभवन और द्वारिकाधीश मंदिर में श्रद्धालु रंग, गुलाल और भक्ति में सराबोर नजर आए। एकादशी के अवसर पर द्वारिकाधीश मंदिर में भगवान राजाधिराज कुंज में विराजमान हुए और भक्तों के साथ होली खेली। पुजारियों ने पिचकारियों से रंग बरसाए, जिससे पूरा मंदिर परिसर फागुनमय हो उठा। वहीं नंदगांव के नंदबाबा मंदिर में ठाकुर श्रीकृष्ण-बलराम ने स्वर्ण पिचकारी से भक्तों संग रंगोत्सव मनाया। केसर, गुलाब और केवड़ा मिश्रित रंगों की फुहार से श्रद्धालु आनंदित हो उठे। मंदिर प्रांगण में ढफ की थाप पर होरी और रसिया गूंजते रहे। टेसू के फूलों से बने रंगों और अबीर-गुलाल की बरसात के बीच “नंद के लाल की जय” और “लाडली लाल की जय” के जयघोष से माहौल भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने कहा कि ज्येष्ठ माह में ऐसा दृश्य देखकर लग रहा था मानो फाल्गुन का महीना लौट आया हो।