
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। घाटमपुर क्षेत्र में बुधवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। बारात से लौट रही एक ईको वैन तिलसड़ा मोड़ के पास अचानक बंद होकर पीछे लुढ़कने लगी, तभी पीछे से आ रहे गिट्टी लदे डंपर ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद पीछे से आ रहीं तीन और गाड़ियां तथा एक डीसीएम भी आपस में भिड़ गईं। हादसे में कुल 16 लोग घायल हो गए।सूचना पर पहुंची पतारा चौकी पुलिस और एनएचआई की टीम ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर पतारा सीएचसी पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कुछ घायलों को निजी अस्पतालों में भी भर्ती कराया गया है।हादसे के बाद कानपुर-सागर हाइवे पर करीब 20 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। हमीरपुर की ओर जहांगीराबाद तक और कानपुर की ओर बिधनू तक वाहन फंसे रहे। पुलिस ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद क्रेन और जेसीबी से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। इस दौरान रूट डायवर्जन भी लागू किया गया।बताया गया कि बारात मंगलवार को मूसेपुर से उमरी गांव गई थी और बुधवार सुबह लौटते समय यह हादसा हुआ। वैन में सवार सात लोग पहले टक्कर में घायल हुए, जबकि बाद की भिड़ंत में अन्य वाहन सवार भी जख्मी हो गए।रेस्क्यू के दौरान पतारा चौकी इंचार्ज ललित शर्मा भी घायल हो गए। उनके हाथ में चोट आई, जिसका इलाज सीएचसी में कराया गया। घाटमपुर के एसीपी कृष्णकांत यादव के मुताबिक, सभी घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है और हाइवे से वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कर दिया गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।