
खराब सड़कों को ठीक करने के लिए 133करोड रु की धनराशि की मांग
मुख्य अभियंता के निर्देश पर सड़कों के गड्ढे गिनने में जुटे अवर अभियंता
अमेठी में खराब हुईं 312सडकें ,एस आर को 133करोड की जरूरत
संजीव भारती
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ/अमेठी। बारिश के मौसम में ग्रामीण अंचल की सड़कों का हाल बदहाल है। सड़कों पर बने हुए गड्ढों में पानी भरा हुआ है। पिछले चार दिनों से चल रही बारिश के बीच सड़कों के रखरखाव और खराब सड़कों की मौजूदा स्थिति की जानकारी के लिए फिर से सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बारिश थमते ही क्षतिग्रस्त सड़कों को यथाशीघ्र ठीक कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि बारिश थमते ही क्षतिग्रस्त मार्गों को यथाशीघ्र ठीक कराएं। अस्पतालों,शिक्षण संस्थानों, प्रमुख बाजारों और सरकारी कार्यालयों के आसपास खराब हुई सड़कें प्राथमिकता से ठीक कराएं। विशेष मरम्मत कार्य के समय निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें।मानसून सत्र समाप्त होने के बाद नवीनीकरण और पैच मरम्मत के कार्य यथाशीघ्र शुरू कराए जाएं। पिछले छः महीने के भीतर और वर्षाकाल में अमेठी जिले में 312सडकें खराब हुई हैं।नवीन सर्वेक्षण में यह संख्या और बढ़ सकती है।इन सड़कों की कुल लंबाई 381.100किमी है। इनमें से 199सडकें नवीनीकरण में शामिल हैं।सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रांतीय खंड में 190सडकें हैं। निर्माण खंड में नवीनीकरण में 89और विशेष मरम्मत में 33सडकें ली गई हैं।इन सड़कों आवागमन की दृष्टि से सुगम बनाने के लिए 133करोड की धनराशि की जरूरत है।शासन की ओर से प्राप्त ताजा निर्देशों के क्रम में शनिवार को अधिशासी अभियंता इंजीनियर शैलेन्द्र कुमार और इंजीनियर रमेश चंद्र ने अवर अभियंताओं सड़कों की मौजूदा स्थिति का फिर से सर्वेक्षण करने के रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
बजट का संकट दूर नहीं हुआ
चालू वित्तीय वर्ष में शासन की ओर से लोक निर्माण विभाग को 38526.67करोड रु आवंटित किए गए हैं। आवंटित धनराशि प्रमुख अभियंता/मुख्य अभियंता कार्यालय से सभी जिलों को नहीं मिल पाई है।धन का संकट होने के कारण सितंबर महीने में लोक निर्माण विभाग सिर्फ सर्वे करने और आगणन तैयार करने में लगा रहा है। पिछले सप्ताह धूप होने के समय भी काम नहीं हो पाए । अमेठी में लखनऊ -सुलतानपुर हाइवे पर जगदीशपुर में निर्माण खंड की ओर से कस्बे में खराब हुई सड़क को ठीक करा दिया गया है।
उत्तराखंड में सड़कों को गड्ढा मुक्त करने की डेडलाइन15अक्टूबर
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने शहरी विकास विभाग को सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए 15अक्टूबर तक का समय दिया है और इसके बाद औचक निरीक्षण के अल्टीमेटम भी दिए हैं। मुख्यमंत्री ने चार धाम यात्रा और त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए खराब सड़कों को ठीक कराने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारियों को अपने अपने जिले की सड़कों की स्थिति की बराबर समीक्षा करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
सड़कों के नवीनीकरण और विशेष मरम्मत के शासन को प्रस्ताव और इस्टीमेट भेजें गये हैं। पिछले तीन सालों से मांग के अनुरूप धनराशि नहीं मिल रही है। सर्वे चल रहा है। बारिश और मानसून सत्र समाप्त होने अक्टूबर में पैच मरम्मत और नवीनीकरण के काम शुरू कराए जायेंगे।
इंजीनियर शैलेन्द्र कुमार ,नोडल अधिकारी/अधिशासी अभियंता