news-details

बेरी-कुपरा पुल 20 साल बाद भी अधूरा सपना

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Hamirpur

हमीरपुर जिले के कुरारा क्षेत्र में बेतवा नदी पर प्रस्तावित बेरी-कुपरा पुल निर्माण बीते 20 वर्षों से अधर में लटका हुआ है। घोषणा, सर्वे, प्रस्ताव और व्यय वित्त समिति (EFC) से मंजूरी जैसी प्रक्रियाएं पूरी होने के बावजूद परियोजना अब तक अंतिम स्वीकृति का इंतजार कर रही है। इससे क्षेत्रीय लोगों में निराशा बढ़ती जा रही है।

इस पुल परियोजना की शुरुआत वर्ष 2005 में हुई थी, जब तत्कालीन लोक निर्माण विभाग मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने एक कार्यक्रम में पुल निर्माण की घोषणा की थी। इसके बाद कुछ समय तक प्रक्रिया आगे बढ़ी, लेकिन बदलती राजनीतिक परिस्थितियों और प्राथमिकताओं के चलते मामला ठंडे बस्ते में चला गया।

वर्ष 2013 से 2015 के बीच जनप्रतिनिधियों ने कई बार शासन स्तर पर पुल निर्माण की मांग उठाई, लेकिन मामला फाइलों तक सीमित रहा। वर्ष 2024 में भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर परियोजना को गति देने की मांग की। इसके बाद सेतु निगम की टीम ने सर्वे कर लगभग 143 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा।

बताया जा रहा है कि वर्ष 2025 में यह प्रस्ताव व्यय वित्त समिति (EFC) से अनुमोदित भी हो चुका है। सामान्यतः इसके बाद शासनादेश जारी हो जाता है, लेकिन इस मामले में फाइल अब तक आगे नहीं बढ़ सकी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल बनने से आवागमन आसान होगा और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। लोगों ने सरकार से जल्द अंतिम स्वीकृति जारी करने की मांग की है।