
PARDARSHI VIKASH NEWS उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 62 वर्षीय फूलमती वर्मा की मौत हो गई। वह मॉर्निंग वॉक से घर लौट रही थीं, तभी रामनगर-बदोसराय मार्ग पर कटका नाला पुल के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक का अगला पहिया उनकी गर्दन से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद फरार ट्रक चालक को करीब 11 किलोमीटर दूर पकड़ लिया गया और ट्रक को भी जब्त कर लिया गया। ट्रक में सीमेंट की बोरियां लदी थीं। मृतका लोधपुरवा गांव की रहने वाली थीं। उनके पति आयुर्वेदिक विभाग से सेवानिवृत्त फार्मासिस्ट हैं, जबकि दोनों बेटे सरकारी सेवा में कार्यरत हैं। पुलिस ने मामले में चालक को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।