
पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी। बैंक ऑफ बड़ौदा वाराणसी क्षेत्र की विशेश्वरगंज और संकटमोचन शाखाओं के नए परिसरों का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। नए परिसरों का उद्घाटन वाराणसी अंचल के महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख मिथलेश कुमार तथा वाराणसी क्षेत्र के उप महाप्रबंधक एवं क्षेत्रीय प्रमुख भारत भूषण ने किया। इस अवसर पर मिथलेश कुमार ने कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा ग्राहक सेवा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। विशेश्वरगंज और संकटमोचन क्षेत्र में बढ़ती बैंकिंग जरूरतों को देखते हुए नए एवं विस्तारित परिसरों की शुरुआत की गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों शाखाएं क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी और ग्राहकों को डिजिटल सेवाओं के साथ बेहतर व्यक्तिगत बैंकिंग अनुभव देंगी।नए परिसरों में विस्तृत बैंकिंग हॉल, डिजिटल कियोस्क, एटीएम, महिला एवं दिव्यांगजन के लिए विशेष सहायता डेस्क और आरामदायक प्रतीक्षा क्षेत्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।कार्यक्रम में उप क्षेत्रीय प्रमुख आनंद लखमानी, सहायक महाप्रबंधक, बैंक के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। संकटमोचन मंदिर के महंत विश्वंभर नाथ मिश्र सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्राहक एवं गणमान्य लोग भी समारोह में शामिल हुए।