
PARDARSHI VIKASH NEWS बांके बिहारी मंदिर की हाई पावर कमेटी की 15वीं बैठक 13 मई को शहीद लक्ष्मण सिंह स्मारक भवन में हुई, जिसकी अध्यक्षता रिटायर्ड हाईकोर्ट जज अशोक कुमार ने की। बैठक में कुल 29 बिंदुओं पर चर्चा की गई और मंदिर की आय, सुरक्षा तथा व्यवस्थाओं से जुड़े कई अहम निर्णय लिए गए।बैठक में बताया गया कि फरवरी से अप्रैल के बीच मंदिर को 4 करोड़ 90 लाख रुपये का दान प्राप्त हुआ है, जो 18 गुल्लकों के माध्यम से श्रद्धालुओं द्वारा दिया गया। इसमें विदेशी मुद्रा भी शामिल है, जिसे बैंक में जमा करा दिया गया है। इसके अलावा फूल बंगला सेवा से 40 दिनों में करीब 80 लाख रुपये की आय हुई है, जबकि इसके लिए शुल्क 15 हजार रुपये से बढ़ाकर 1 लाख रुपये कर दिया गया है।कमेटी ने यह भी जानकारी दी कि मंदिर को जल्द ही लगभग ढाई करोड़ रुपये का आयकर रिफंड मिलेगा, जिसमें ब्याज राशि भी शामिल है।सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैठक में निर्णय लिया गया कि निजी सुरक्षा एजेंसी के गार्ड अब काले रंग की वर्दी की जगह पीले रंग की शर्ट पहनेंगे ताकि उनकी पहचान अलग से हो सके। सुरक्षा एजेंसी का कार्यकाल भी दो महीने के लिए बढ़ाया गया है। साथ ही मंदिर परिसर और आसपास बिना नंबर प्लेट और काले शीशे वाली गाड़ियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं, साथ ही संदिग्ध गतिविधियों और अवैध पार्किंग पर भी रोक लगाने की बात कही गई है।इसके अलावा यह भी तय किया गया कि जहरीले पेड़े बेचने वालों पर कार्रवाई होगी और निजी पार्किंग से नगर निगम के बोर्ड हटाए जाएंगे। बैठक में यह भी मुद्दा उठाया गया कि कुछ पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं को दर्शन कराने के नाम पर अनियमितताओं में शामिल हैं, ऐसे कर्मियों की सूची तैयार कर जांच के निर्देश दिए गए हैं। कमेटी ने स्पष्ट किया कि सभी फैसले मंदिर की सुरक्षा, पारदर्शिता और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखकर लिए गए हैं।