
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। मड़ियांव थाना क्षेत्र के भरत नगर निवासी 70 वर्षीय मगन बिहारी तिवारी की हत्या की घटना पर स्थानीय विधायक डॉ. नीरज बोरा ने गहरा दुख जताया। रविवार को विधायक मृतक के परिजनों से मिले और उन्हें ढांढस बंधाते हुए संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोकाकुल परिवार को भरोसा दिलाया कि इस दुख की घड़ी में वह उनके साथ खड़े हैं और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे।विधायक ने घटना को लेकर संबंधित अधिकारियों से भी बातचीत की और हत्यारोपी की 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई किए जाने की बात कही। डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि 70 वर्षीय बुजुर्ग की निर्मम हत्या बेहद हृदयविदारक घटना है। उन्होंने कहा कि अपराधी को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। विधायक ने कहा कि सरकार कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।