
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। मकराबर्टगंज स्थित प्रो. एचएन मिश्रा पीजी कॉलेज के पास रविवार सुबह बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा देने पहुंचे करीब 25 अभ्यर्थी नाले की स्लैब धंसने से उसमें गिर गए। हादसे में चार अभ्यर्थियों को चोटें आईं, जबकि अन्य को मामूली खरोंचें लगीं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्राथमिक उपचार और साफ-सफाई के बाद अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया। जानकारी के अनुसार परीक्षा केंद्र के पास स्थित एक फोटोस्टेट दुकान पर आधार कार्ड की फोटो कॉपी कराने के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पहुंचे थे। इसी दौरान दुकान के सामने बनी नाले की स्लैब अचानक धंस गई और वहां खड़े करीब 20 से 25 लोग नाले में जा गिरे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ अभ्यर्थियों को स्लैब की सरिया लगने से चोटें आईं, जबकि कई लोग कीचड़ और गंदे पानी में गिर गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर सभी को बाहर निकाला। एहतियात के तौर पर नाले में अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका पर जेसीबी से सिल्ट भी हटवाई गई।घटना के बाद अभ्यर्थियों और उनके परिजनों ने नाले की जर्जर स्लैब को लेकर नगर निगम की लापरवाही पर सवाल उठाए। एक अभ्यर्थी ने बताया कि परीक्षा केंद्र पर आधार की फोटो कॉपी की आवश्यकता बताई गई थी, जिसके चलते अचानक भीड़ बढ़ गई और हादसा हो गया।दूसरी ओर शहर के 19 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बीएड प्रवेश परीक्षा की पहली पाली शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। नौ परीक्षा केंद्र छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय परिसर में बनाए गए थे। परीक्षा शुरू होने से पहले अभ्यर्थियों का बायोमैट्रिक सत्यापन कराया गया और प्रवेश पत्र तथा पहचान पत्र का मिलान किया गया।परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहा। अधिकारियों ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई, जिसमें कुल 9,168 अभ्यर्थियों के शामिल होने का कार्यक्रम है। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की गई।
कानपुर के आवास विकास, हंसपुरम नबस्ता क्षेत्र से परीक्षा देने आई थीं। उनके अनुसार, परीक्षा केंद्र पर अचानक आधार कार्ड की फोटोकॉपी जमा करने की जानकारी दी गई, जिसके कारण पास की फोटोस्टेट दुकान पर अभ्यर्थियों की भीड़ लग गई। इसी दौरान नाले की स्लैब अचानक धंस गई और करीब 20 से 25 लोग उसमें गिर गए। खुशी ने घटना के लिए नगर निगम की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों के भार से स्लैब का टूट जाना उसकी खराब स्थिति को दर्शाता है। -परीक्षार्थी खुशी