
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। गुजैनी थाना क्षेत्र में एक विवाहिता से बीच सड़क मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। आरोप है कि देवर और उसके साथी ने महिला व उसके पति की चप्पलों और थप्पड़ों से पिटाई की तथा महिला के कपड़े फाड़ दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह पति और तीन वर्षीय बेटी के साथ ससुराल में रहने गई थी। इसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि पहले घर में मारपीट कर उन्हें बाहर निकाल दिया गया। इसके बाद जब वह पति और बेटी के साथ थाने शिकायत करने जा रही थीं, तब रास्ते में देवर और उसके साथी ने उन्हें रोककर हमला कर दिया।मारपीट के दौरान महिला के पति के साथ भी हाथापाई की गई और बाइक गिरने से उनकी तीन वर्षीय बेटी घायल हो गई। घटना के बाद महिला सड़क पर बेहोश होकर गिर पड़ी। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।गुजैनी थाना प्रभारी राजन शर्मा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।