
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक सियालदह एक्सप्रेस ट्रेन की बोगी के ऊपर चढ़ गया। जानकारी के अनुसार रामघाट थाना क्षेत्र का रहने वाला युवक सुबह करीब 7:15 बजे ट्रेन से अयोध्या पहुंचा था। स्टेशन पर उतरने के बाद वह अचानक ट्रेन की छत पर चढ़ गया और हाईटेंशन तारों के बीच बोगी पर दौड़ने लगा। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी मौके पर पहुंची। युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए कुछ लोग भी ट्रेन की छत पर चढ़े। काफी मशक्कत के बाद युवक को नीचे उतारा गया। इस दौरान सुरक्षा कारणों से सियालदह एक्सप्रेस करीब 20 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही। जीआरपी निरीक्षक अनिल प्रताप सिंह ने बताया कि युवक को आरपीएफ के हवाले कर दिया गया है और उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। समय रहते युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया, जिससे कोई बड़ा हादसा होने से टल गया।