
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या जिले के कुमारगंज थाना क्षेत्र में मेहनत-मजदूरी के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।जानकारी के अनुसार, जोरियम गांव निवासी 45 वर्षीय संजय अग्रहरी पुत्र स्वर्गीय जयराम मंगलवार को गांव के ही ओरौनी लोनिया के यहां निर्माणाधीन मकान में मजदूरी करने गए थे। वहां शाम के समय पिलर खड़ा करने का काम चल रहा था। मकान के पास से विद्युत तार गुजर रहा था। इसी दौरान काम करते समय लोहे की सरिया में करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आने से संजय गंभीर रूप से झुलस गए।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक संजय की चीख सुनकर अन्य मजदूर मौके पर पहुंचे और उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह अचेत होकर गिर चुके थे। ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलने पर कुमारगंज पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर रात होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका। पुलिस के मुताबिक बुधवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।पुलिस ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।ग्राम प्रधान जयप्रकाश सिंह ने बताया कि मृतक के परिवार का आरोप है कि संजय काम पर जाने के इच्छुक नहीं थे, लेकिन उन्हें बुलाकर काम पर ले जाया गया था। उन्होंने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। संजय के पास केवल पांच बिस्वा जमीन थी और वह मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते थे।