
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या को देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल करने के लक्ष्य के साथ नगर निगम ने रविवार को "गंदगी पर प्रहार" अभियान की शुरुआत की। स्वच्छता सर्वेक्षण-2026 के तहत शुरू हुए इस विशेष अभियान का शुभारंभ राम की पैड़ी और नया घाट से किया गया। महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार समेत नगर निगम के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सफाई कर्मियों ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया।नगर निगम के अनुसार शहर के करीब 400 स्थानों पर एक साथ विशेष सफाई अभियान चलाया गया। सुबह से ही हजारों सफाई कर्मी सड़कों, घाटों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई में जुटे रहे। नगर निगम के 60 वार्डों में भी पार्षदों और सफाई टीमों ने अभियान को गति दी।महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि यह केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा सतत अभियान है। वहीं नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की।दूसरी ओर, कांग्रेस महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम 'रानू' ने अभियान पर सवाल उठाते हुए नगर निगम पर केवल दिखावटी सफाई करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शहर की कई गलियों, नालों और नालियों में अब भी गंदगी की समस्या बनी हुई है।नगर निगम ने लोगों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी कर अयोध्या को स्वच्छ और सुंदर बनाने की अपील की है।