
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या विकास प्राधिकरण (एडीए) ने नियमों की अनदेखी कर संचालित हो रहे 7 कोचिंग सेंटर और डिजिटल लाइब्रेरी को सील कर दिया। कार्रवाई के बाद शहर के अन्य कोचिंग संचालकों में हड़कंप मच गया।जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने अधिकारियों के साथ कई कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान फायर सेफ्टी उपकरणों, भवन मानचित्र और जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई।एडीए की प्रवर्तन टीम ने जांच में पाया कि कई संस्थान बिना मानचित्र स्वीकृति के संचालित हो रहे थे। कुछ जगहों पर अग्नि सुरक्षा मानकों का भी पालन नहीं किया जा रहा था। इसके बाद आर्या आईएएस कोचिंग, उज्ज्वल आईएएस एकेडमी, गीता डिजिटल लाइब्रेरी, ड्रीम लीडर लाइब्रेरी, इनोवेशन क्लासेज, सत्यम डिजिटल लाइब्रेरी और रेडियन डिजिटल लाइब्रेरी को सील कर दिया गया।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी संचालन के लिए भवन का स्वीकृत मानचित्र और अग्निशमन विभाग की एनओसी अनिवार्य है। बिना अनुमति संचालित संस्थानों पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।प्रशासन ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संस्थानों को सुरक्षा मानकों का पालन करने और जरूरी दस्तावेज पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्रवाई के बाद कई संचालकों ने अपने संस्थान अस्थायी रूप से बंद कर दिए हैं।