
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। अवैध प्लॉटिंग और बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण पर कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने सख्त कार्रवाई की है। प्रवर्तन जोन-4 की टीम ने नर्वल क्षेत्र में करीब 48 बीघा जमीन पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई विशेष कार्याधिकारी प्रवर्तन (जोन-4) डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में की गई। सकरापुर नर्वल (मथुरापुर योजना के पीछे) स्थित आराजी संख्या 109, 122 सहित अन्य जमीनों पर जेसीबी की मदद से सड़क, नाला, बाउंड्रीवाल, बिजली के खंभे, पिलर, गेट और अन्य निर्माणों को हटाया गया। अधिकारियों के अनुसार विशाल, लल्लू और अन्य लोगों द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के लगभग 48 बीघा क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। इसके अलावा केडीए ने 53 बीघा क्षेत्र में दो अन्य अवैध प्लॉटिंग को भी चिन्हित किया है। इनमें रमईपुर और इंदिरा नगर फेज-1 क्षेत्र शामिल हैं, जहां बिना स्वीकृति के प्लॉटिंग कार्य चल रहा था। इन मामलों में संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। संतोषजनक उत्तर न मिलने पर सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। केडीए ने लोगों से अपील की है कि किसी भी भूमि या प्लॉट की खरीद से पहले उसकी ले-आउट स्वीकृति अवश्य जांच लें और केवल स्वीकृत नक्शे के अनुसार ही निर्माण कार्य कराएं।