
केडीए की बड़ी कार्रवाई
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने गुरुवार को जोन-1बी क्षेत्र में अवैध और अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान लगभग 900 वर्गमीटर क्षेत्र में निर्माण को सील किया गया, जबकि करीब 2050 वर्गमीटर निर्माण पर नोटिस जारी किए गए। विशेष कार्याधिकारी प्रवर्तन (जोन-1बी) एवं उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। गंगा नगर हाउसिंग सोसाइटी में क्रिस्टल प्लाजा गेस्ट हाउस के पीछे प्लॉट संख्या 43 और 44 पर करीब 600 वर्गमीटर में हो रहे अवैध निर्माण को सील किया गया। अधिकारियों के अनुसार, पहले नोटिस और पुलिस पत्र जारी होने के बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया था।इसी तरह ज्यौरा नवाबगंज स्थित विला नंबर-08 में लगभग 300 वर्गमीटर क्षेत्र में स्वीकृत मानचित्र के विपरीत बेसमेंट और अतिरिक्त तल का निर्माण पाया गया, जिसे भी सील कर दिया गया। दोनों परिसरों को पुलिस अभिरक्षा में सौंपने की प्रक्रिया चल रही है।इसके अलावा तीन अन्य निर्माण स्थलों को चिन्हित कर नोटिस जारी किए गए हैं, जिनमें गंगा नगर स्थित श्री क्रिस्टल प्लाजा, शक्ति इंफ्रा विजन प्रा. लि. और बिसायकपुर बांगर स्थित सुनीता वर्मा का निर्माण शामिल है। इन सभी मामलों में स्वीकृत नक्शा प्रस्तुत नहीं किया गया है।केडीए ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब न मिलने पर आगे सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले स्वीकृत मानचित्र अवश्य प्राप्त करें।
दो अवैध निर्माणों पर सीलिंग
KDA टीम ने गंगा नगर हाउसिंग सोसाइटी में क्रिस्टल प्लाजा गेस्ट हाउस के पीछे प्लॉट संख्या 43 और 44 पर राघवेन्द्र सिंह व अन्य द्वारा लगभग 600 वर्गमीटर में किए जा रहे निर्माण को सील कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, मानकों के विपरीत निर्माण के खिलाफ पहले पुलिस पत्र और कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे, इसके बावजूद चोरी-छिपे निर्माण जारी रखा गया।