news-details

अशोक सिंघल ने रामजन्मभूमि आंदोलन को बनाया जनआंदोलन: चंपत राय

You can share this post!

पारदर्शी विकास न्यूज़  कानपुर। विश्व हिंदू परिषद की ओर से बुधवार को बेनाझाबर स्थित बीएनएसडी शिक्षा निकेतन में अशोक सिंघल जन्मशताब्दी वर्ष का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ चंपत राय, स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती और उद्योगपति राजकुमार लोहिया सहित अतिथियों ने श्रीराम दरबार का पूजन कर किया। समारोह की अध्यक्षता लोहिया कॉर्प लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक राजकुमार लोहिया ने की।
मुख्य वक्ता विहिप के केंद्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय ने कहा कि अशोक सिंघल ने विभिन्न मत-पंथों के संतों को एक मंच पर लाकर श्रीरामजन्मभूमि आंदोलन को जनआंदोलन बनाया। 1984 में धर्म संसद से लेकर शिलापूजन और कारसेवा तक उनका जीवन प्रभु श्रीराम के कार्य को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण अशोक सिंघल की तपस्या और लाखों रामभक्तों के समर्पण का परिणाम है। मुख्य अतिथि स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती ने अशोक सिंघल के संगठन कौशल और सनातन जागरण के कार्यों को याद किया। समारोह में उनके साथ कार्य कर चुके वरिष्ठ स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया। प्रांत मंत्री राजू पोरवाल ने बताया कि जन्मशताब्दी वर्ष में जिले, प्रखंड और ग्राम स्तर पर विचार गोष्ठियां, धर्मसभाएं और सेवा कार्य आयोजित होंगे। कार्यक्रम में संतों, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।