
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। तिलोई क्षेत्र के पूरे सिंगई खेरौना निवासी सलमान खान का चयन जापान के नागोया में होने वाले एशियाड-2026 के लिए भारतीय नौकायन (रोइंग) टीम में हुआ है। प्रतियोगिता 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक आयोजित होगी। सलमान के चयन से अमेठी के खेल जगत में खुशी का माहौल है।सलमान वर्ष 2018 में भारतीय सेना की 122 इंजीनियरिंग रेजीमेंट में चयनित हुए थे। उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई उपलब्धियां हासिल की हैं। उनके नाम दस राष्ट्रीय पदक हैं। इसके अलावा एशियन चैंपियनशिप-2025 में रजत, एशियन रोइंग कप दक्षिण कोरिया में स्वर्ण तथा वर्ल्ड रोइंग चैंपियनशिप नीदरलैंड-2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने की उपलब्धि भी दर्ज है।वर्तमान में नायब सूबेदार के पद पर कार्यरत सलमान ने अपनी सफलता का श्रेय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं कोच एमओ आजाद के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम का लक्ष्य मजबूत टीमों को चुनौती देते हुए स्वर्ण पदक हासिल करना है।उपक्रीड़ाधिकारी अरविंद सिंह कुशवाहा सहित खेल जगत से जुड़े लोगों ने सलमान को शुभकामनाएं दीं।