
PARDARSHI VIKASH NEWS अमेठी के बेसिक शिक्षा विभाग में 7 करोड़ रुपये से अधिक की कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में सीबीआई ने जांच तेज कर दी है। बुधवार सुबह सीबीआई टीम ने अयोध्या में पवन कुमार मालवीय के आवास पर पहुंचकर छापेमारी की।सूत्रों के अनुसार, सीबीआई टीम ने करीब ढाई घंटे तक घर में मौजूद दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और मामले से जुड़े अन्य अभिलेखों की जांच की। टीम सुबह करीब 5:30 बजे देवकाली पुलिस चौकी के पास स्थित आवास पर पहुंची और करीब 8 बजे कार्रवाई पूरी कर वापस लौट गई।हाईकोर्ट के निर्देश पर सीबीआई इस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच की निगरानी डीआईजी शिवानी तिवारी के नेतृत्व में की जा रही है। इसके लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं, जो प्रदेश के कई जिलों में एक साथ कार्रवाई कर रही हैं।सीबीआई की टीमें अमेठी, लखनऊ, अयोध्या, प्रतापगढ़ और कुशीनगर समेत कई जिलों में संदिग्धों के ठिकानों पर पहुंचकर दस्तावेज और बैंक रिकॉर्ड खंगाल रही हैं।मामले में आरोप है कि बेसिक शिक्षा विभाग के वित्त एवं लेखा अनुभाग में तैनात कुछ कर्मचारियों ने सरकारी धनराशि में गड़बड़ी कर रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर किया। शुरुआती जांच के बाद गौरीगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया था।अब सीबीआई वित्तीय लेन-देन, बैंक खातों और दस्तावेजों की गहराई से जांच कर रही है। एजेंसी का उद्देश्य कथित अनियमितताओं में शामिल सभी लोगों की भूमिका को स्पष्ट करना है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।