news-details

अमिताभ बाजपेयी ने त्यागे कपड़े-चप्पल; ‘कसम संविधान की, स्कूल वहीं बनाएंगे’: विधायक

You can share this post!

ड्रामेबाजी विधायक, बिना पानी के स्वीमिंग करते हैं: सुरेश अवस्थी

pardarshi vikas news kanpur 
परमट स्थित प्राथमिक विद्यालय के पुनर्निर्माण को लेकर सियासत तेज हो गई है। शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के विधायक Amitabh Bajpai ने प्रस्तावित शिलान्यास कार्यक्रम से पहले बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि जब तक स्कूल का निर्माण शुरू नहीं होगा, तब तक वह ऊपर के वस्त्र और पैरों में जूता-चप्पल धारण नहीं करेंगे।विधायक ने अपने आवास पर हवन-पूजन और पांच शिलाओं की पूजा कर वर्चुअल शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने हाथ में डमरू लेकर कहा, “बच्चों का सपना अधूरा, बाबा भोलेनाथ करेंगे पूरा। कसम संविधान की खाते हैं, स्कूल वहीं बनाएंगे।”दरअसल, परमट प्राथमिक विद्यालय में नए निर्माण कार्य को लेकर विवाद चल रहा है। विधायक अमिताभ बाजपेयी ने 15 मई को शिलान्यास कार्यक्रम की घोषणा करते हुए क्षेत्र में बैनर लगवाए थे। इसके बाद बुधवार को सपा विधायक और भाजपा नेता सुरेश अवस्थी के समर्थकों के बीच आमने-सामने नारेबाजी भी हुई थी। कानून-व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन ने क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। विधायक के काकादेव स्थित आवास के बाहर बैरिकेडिंग कर पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई।विधायक ने कहा कि उन्हें रात में यूपीएसआईसी और पुलिस प्रशासन की ओर से नोटिस मिला था, जिसमें शिलान्यास कार्यक्रम से कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका जताई गई थी। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन उन्हें मौके पर जाने की अनुमति देता तो वह स्थल पर पहुंचते, अन्यथा घर से ही पूजन-हवन कर कार्यक्रम करने का निर्णय लिया गया था। सुबह से ही विधायक के घर के बाहर समर्थकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। कार्यकर्ताओं ने “अमिताभ तुम संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं” जैसे नारे लगाए। पुलिस बल पहुंचने के बाद कार्यकर्ता कुछ देर में अंदर चले गए।वहीं भाजपा नेता Suresh Awasthi ने विधायक पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि स्कूल निर्माण का विरोध नहीं है, लेकिन इसे राजनीतिक मंच नहीं बनाया जाना चाहिए। सुरेश अवस्थी ने आरोप लगाया कि बिल्डिंग तोड़ने के टेंडर में भ्रष्टाचार हुआ है और वह उसी का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की अनुमति मिलने पर वह भी पूजा-पाठ करने जाएंगे। परमट प्राथमिक विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन का कहना है कि शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संभावित विवाद को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की गई है।फिलहाल स्कूल निर्माण का मुद्दा राजनीतिक रूप ले चुका है और दोनों पक्षों के बयानबाजी के बीच क्षेत्र में माहौल गर्म बना हुआ है।

 

“ये हमारे परिवार के बच्चे हैं। मैं उन्हें किसी प्रकार की परेशानी में नहीं डालना चाहता। इसलिए हवन-पूजन कर वर्चुअल शिलान्यास किया। पांच शिलाओं का पूजन भी किया गया है। विद्यालय निर्माण पूरा होने के बाद इन्हीं शिलाओं को वहां स्थापित किया जाएगा।” मेरा सांसद जी से कोई विवाद नहीं है। सांसद शिलान्यास करना चाहें तो कर लें। एक काम ही नहीं देशहित में सैकड़ों काम का शिलान्यास कर लें। मेरी उनके प्रति सद्भावना है। मत और विचारधारा अलग है लेकिन कानपुर के लिए हम सब एक हैं।उन्होंने श्रीप्रकाश जायसवाल, सत्यदेव पचौरी के कार्यकाल की परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए दिल्ली में हैं। जो हमारे क्षेत्र में विकास कार्य कर सकता है उन सारे जनप्रतिनिधियों का हम स्वागत करते हैं। जो दुष्ट दानव और असुर राक्षस हवन पूजन में बाधा पहुंचाना चाहते हैं उनके लिए हमारा बाबा भोले नाथ हैं।बच्चों का सपना अधूरा, बाबा भोलेनाथ करेंगे पूरा। कसम संविधान की खाते हैं, स्कूल वहीं बनाएंगे। जब तक स्कूल नहीं बनेगा तब तक मैं ऊपर के वस्त्र नहीं धारण करूंगा और पैरों में जूता-चप्पल धारण नहीं करेंगे।-अमिताभ बाजपेयी

सुरेश अवस्थी

मेरा तो साफ कहना है कि सपा विधायक स्कूल की शिलाओं का पूजन कैसे भी करें। लेकिन इसे राजनीति का केंद्र न बनाएं। जैसा कि आपकी पॉलिसी है। इसे समाजवादी पार्टी का बोर्ड लगाकर। सपा के गुंडों के लिए अड्‌डा बनाने के लिए इसका मेरा विरोध है। टेंडर की बिल्डिंग को तोड़ने के लिए जिस तरह का भ्रष्टाचार आपने लिया है उसका मैं विरोध कर रहा हूं। आप पूरी विधायक निधि इसमें लगा दीजिए। वो तो हमारे लिए ही अच्छा है। मैंने कभी नहीं कहा कि आप शिलान्यास मत कीजिए। स्कूल के अंदर केवल 42 बच्चे पढ़ते हैं। उनके लिए यूपी सरकार ने पर्याप्त सुविधा दे रखी है। लेकिन 42 बच्चों के लिए सस्ती लोकप्रियता पाने के लिए बड़बोले विधायक बोल रहे हैं। स्कूल बनने से किसने रोका है। हम लोगों को जब सरकार की ओर से अनुमति मिलेगी तब हम पूजा-पाठ करने जाएंगे।सुरेश अवस्थी