
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी के निधन पर शनिवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने लखनऊ में उन्हें श्रद्धांजलि दी। निशातगंज स्थित मेट्रो सिटी अपार्टमेंट में अखिलेश यादव ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर अंतिम विदाई दी। इस दौरान वह भावुक नजर आए। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी।अखिलेश यादव ने कहा कि राम गोविंद चौधरी का निधन समाजवादी आंदोलन और पार्टी के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाजवाद को आगे बढ़ाने में समर्पित कर दिया। वह हमेशा गरीबों, किसानों और कमजोर वर्गों के साथ खड़े रहे। सदन में सरकार को घेरने और जनहित के मुद्दे उठाने में उनकी अहम भूमिका रही।राम गोविंद चौधरी का शुक्रवार देर रात लखनऊ के एसजीपीजीआई में 80 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह लंबे समय से हृदय संबंधी बीमारी से जूझ रहे थे। उन्होंने 1977 में पहली बार विधायक का चुनाव जीता था और आठ बार विधानसभा पहुंचे। अखिलेश यादव सरकार में 2012 से 2017 तक मंत्री रहे। इसके बाद 2017 से 2022 तक विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी संभाली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सपा महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने भी उनके निधन पर शोक जताया।