news-details

अखिलेश यादव ने भाजपा पर साधा निशाना

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Lucknow

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा “गिद्ध पार्टी” की तरह व्यवहार कर रही है और हर मुद्दे को जातीय नजरिए से देखने की कोशिश करती है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकार झूठ और भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह कर रही है तथा संविधान विरोधी मानसिकता के साथ काम कर रही है। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक पारित होने के बावजूद भाजपा इसे सही तरीके से लागू नहीं कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महिलाओं और किसानों के मुद्दों पर गंभीर नहीं है और केवल प्रचार में लगी हुई है। अखिलेश ने कहा कि किसानों, खासकर आलू उत्पादकों को उचित समर्थन नहीं मिल रहा है और उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हैं, जो कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हैं। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा है और विपक्षी दलों को कमजोर करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने दावा किया कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव का असली आधार बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की मेहनत होती है, न कि सर्वेक्षण। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनावी तैयारी में जुटने की अपील की।