news-details

अखिलेश दुबे की हालत में सुधार, लिगामेंट इंजरी पर हायर सेंटर रेफर

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Kanpur

उर्सला अस्पताल में भर्ती एडवोकेट अखिलेश दुबे की तबीयत में धीरे-धीरे सुधार देखा जा रहा है। जेल में बंद अखिलेश दुबे को 6 अप्रैल को अचानक तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय उन्हें बीपी, शुगर और घुटने में तेज दर्द की शिकायत थी, जिसके चलते जेल प्रशासन ने तत्काल आईसीयू में शिफ्ट कराया था।

अस्पताल में भर्ती होने के बाद से डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। उनका इलाज हड्डी रोग विशेषज्ञों और फिजीशियन की देखरेख में जारी है। चिकित्सकों ने हार्ट की जांच के साथ एमआरआई कराया, जिसकी रिपोर्ट सोमवार शाम प्राप्त हुई।

एमआरआई रिपोर्ट में घुटने में लिगामेंट इंजरी की पुष्टि हुई है। इसके बाद हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. आशीष मिश्रा ने बेहतर उपचार के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया है। वहीं फिजीशियन डॉ. शैलेन्द्र तिवारी की निगरानी में यूटीआई संक्रमण और सेप्टीसीमिया का इलाज भी जारी है।

डॉक्टरों के अनुसार पहले की तुलना में अब उनकी स्थिति बेहतर है। ऑक्सीजन लेवल में सुधार हुआ है और अन्य जरूरी स्वास्थ्य पैरामीटर भी स्थिर हो रहे हैं। हालांकि संक्रमण के खतरे को देखते हुए अभी पूरी तरह राहत नहीं मानी जा रही है।

अस्पताल प्रशासन ने बताया कि मरीज की हालत फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन पूरी तरह स्वस्थ होने तक इलाज और कड़ी निगरानी जारी रहेगी।