अब ईंधन के लिए नहीं भटकेंगे वाहन चालक!
पारदर्शी विकास न्यूज़, फाजिलनगर/कुशीनगर। राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर कसया-फाजिलनगर के बीच बरवा में गुरुवार को टोरेंट आरती सीएनजी फिलिंग स्टेशन का शुभारंभ हुआ। कुशीनगर सांसद विजय कुमार दुबे ने फीता काटकर स्टेशन का उद्घाटन किया। इससे क्षेत्र के सीएनजी वाहन चालकों को स्थानीय स्तर पर ईंधन मिलने की सुविधा मिलेगी।सांसद ने कहा कि सीएनजी जैसे स्वच्छ ईंधन का इस्तेमाल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। स्टेशन शुरू होने से वाहन चालकों को ईंधन भरवाने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं।स्टेशन संचालक रंजीत सिंह ने बताया कि ग्राहकों की सुविधा के लिए पेट्रोल के साथ 24 घंटे सीएनजी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बेहतर सेवा, साफ-सफाई और सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही।कार्यक्रम में फाजिलनगर विधायक सुरेंद्र कुशवाहा, भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, चेयरमैन प्रतिनिधि राकेश जायसवाल, स्टेशन प्रोपराइटर प्रमोद सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। स्टेशन शुरू होने से स्थानीय परिवहन सुविधाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है।