
Pardarshi Vikas News Lucknow
सरोजनी नगर थाना क्षेत्र में चार माह पहले हुए युवक दिव्यांशु राज की आत्महत्या मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के पिता अमरेश कुमार ने पड़ोसियों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, सीतापुर निवासी अमरेश कुमार का 19 वर्षीय पुत्र दिव्यांशु बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र था और क्रिकेट की ट्रेनिंग भी ले रहा था। वह सरोजनी नगर के शांति नगर में अपने छोटे भाई के साथ किराए पर रहता था। 1 दिसंबर को उसने अपने कमरे में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली थी। पिता का आरोप है कि 28 नवंबर को पड़ोसियों राम शरण यादव, अजय यादव और अनूपी यादव ने दिव्यांशु को रास्ते में रोककर जातिसूचक शब्द कहे और मारपीट की थी, साथ ही धमकी भी दी थी। इसी प्रताड़ना से आहत होकर उसने आत्महत्या की। परिजनों का कहना है कि शिकायत के बावजूद पहले कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्होंने न्यायालय का सहारा लिया। अब अदालत के आदेश पर सरोजनी नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।