news-details

आकाश आनंद ने मायावती से मांगा सेवा का अवसर,बोले बीएसपी मेरा परिवार

You can share this post!

 

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी  से निष्कासन के बीच आकाश आनंद ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर अपनी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बीएसपी प्रमुख मायावती को संबोधित करते हुए कहा कि वह किसी दूसरे राजनीतिक दल में नहीं जा रहे हैं और न ही भविष्य में ऐसा करेंगे। उन्होंने बीएसपी को अपना परिवार बताया और मायावती को अपना राजनीतिक गुरु व प्रेरणा बताया।  आकाश आनंद ने अपने पोस्ट में कहा कि राजनीति में उन्होंने जो कुछ सीखा और किया, वह मायावती के मार्गदर्शन में किया है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों उनके दूसरे राजनीतिक दल में जाने को लेकर मीडिया और सोशल मीडिया में चल रही खबरें और अफवाहें गलत हैं।उन्होंने अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ के संबंध में मायावती के फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि उन्हें पार्टी से निकालने और उनके राजनीति से संन्यास लेने का फैसला उचित था। आकाश ने कहा कि व्यक्तिगत और पारिवारिक रिश्तों से ऊपर पार्टी और आंदोलन का हित रखना उनकी जिम्मेदारी है।आकाश आनंद ने यह भी कहा कि उस समय वह सोशल मीडिया से दूर थे, इसलिए मायावती की ओर से किए गए पोस्ट को रिपोस्ट नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि उनकी इस चुप्पी को गलत समझा गया और इससे अफवाहों को जगह मिली। उन्होंने कहा कि यदि उनकी चुप्पी से मायावती को ठेस पहुंची है तो वह इसके लिए उनसे क्षमा मांगते हैं।उन्होंने मायावती से दोबारा पार्टी और मिशन की सेवा करने का अवसर देने की अपील की। आकाश ने कहा कि विश्वास शब्दों से नहीं बल्कि काम से बनता है और वह अपने आचरण तथा मेहनत से इसे साबित करेंगे।उन्होंने अपने पोस्ट के अंत में कहा कि बाबा साहेब का मिशन, मान्यवर साहेब का रास्ता और मायावती का नेतृत्व ही उनकी राजनीति है।यह बयान ऐसे समय आया है जब सितंबर में मायावती ने आकाश आनंद को बीएसपी से पूरी तरह मुक्त करने की घोषणा की थी। इसके बाद पार्टी ने उनके छोटे भाई ईशान आनंद को राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी दी।