
पारदर्शी विकास न्यूज़ बुलंदशहर/लखनऊ। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश से रैली अभियान की शुरुआत की। गुरुवार को बुलंदशहर के अनूपशहर विधानसभा क्षेत्र के गांव खलोर स्थित स्टेडियम में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बसपा के नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद ने भाजपा, सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी को ‘कंफ्यूज नेता’ बताते हुए कांग्रेस को ‘दोगली पार्टी’ कहा, वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए उन्हें रंग बदलने में माहिर बताया। आकाश आनंद ने भाजपा सरकार पर विज्ञापनों पर सात हजार करोड़ रुपये खर्च करने और दूसरी ओर सरकारी स्कूल बंद होने का आरोप लगाया। आरक्षण के मुद्दे पर सपा और कांग्रेस को घेरते हुए उन्होंने कहा कि आरक्षण बचाने के लिए दोनों दलों के नेता जंतर-मंतर नहीं पहुंचे थे। महंगाई पर सरकार को घेरते हुए आकाश आनंद ने कहा कि वर्ष 2014 में गैस सिलेंडर 400 रुपये का था, जबकि अब इसकी कीमत 1,200 रुपये तक पहुंच गई है। पेट्रोल की कीमतों में वृद्धि का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि महंगाई से गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों का बजट प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सपा और कांग्रेस पर भी भाजपा की तरह जनता को अपने काम गिनाने में नाकाम रहने का आरोप लगाया। आकाश आनंद ने बसपा प्रमुख मायावती के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि वह बहुजन समाज को देश का शासक बनते देखने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए लगातार मेहनत करते रहेंगे और जब तक यह लक्ष्य हासिल नहीं होगा, तब तक चैन से नहीं बैठेंगे।
नेशनल कोआर्डिनेटर आकाश आनंद की जनसभा में भारी भीड़ जुटी। पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुराने नारों के साथ एक नया नारा भी लगाया,जिस नीले झंडे में हाथी है वही आपका साथी है।सर्वजन के सम्मान में,बहन जी मैदान में,हाथी की बटन दबाना है,बी एस पी को सत्ता में लाना है --आदि नारों के साथ नीला झन्डा लहराते हुए कार्यकर्ताओं ने अपूर्व ऊर्जा और जोश का प्रदर्शन किया।