
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने कलेक्ट्रेट सभागार में आकांक्षात्मक विकासखंड जामों, जगदीशपुर और बाजार शुकुल की समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा करने और योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं जल संसाधन, वित्तीय समावेशन, कौशल विकास और आधारभूत संरचना से जुड़े 48 विकास संकेतकों की समीक्षा की गई।
डीएम ने प्रत्येक संकेतक के लिए माहवार लक्ष्य निर्धारित कर संतृप्तिकरण सुनिश्चित करने को कहा। स्वास्थ्य विभाग को नियमित टीकाकरण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग को नामांकन बढ़ाने, ड्रॉपआउट कम करने और लर्निंग आउटकम सुधारने पर जोर दिया गया। कृषि विभाग को किसान क्रेडिट कार्ड वितरण, सिंचाई सुविधाओं और आधुनिक कृषि तकनीक को बढ़ावा देने के निर्देश मिले। डीएम ने कहा कि 48 संकेतकों की अद्यतन सूचनाएं माह के अंत तक संकलित हों और प्रत्येक माह की 15 तारीख तक विकासखंड पोर्टल पर विवरण अपलोड किया जाए। उन्होंने आवश्यक कार्मिकों की शत-प्रतिशत तैनाती और एक, तीन व छह माह की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ पूजा साहू, सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।