
Pardarshi Vikas News Hamirpur
हमीरपुर जिले के कुरारा क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। अभियान के दौरान इंद्रपुरी आंगनबाड़ी केंद्र में एक बच्चा कुपोषित पाया गया, जिसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इंद्रपुरी केंद्र पर पहुंचकर वहां पंजीकृत बच्चों की जांच की। कुल 35 बच्चों का वजन, स्वास्थ्य स्थिति और पोषण स्तर का परीक्षण किया गया। जांच में एक बच्चे की स्थिति चिंताजनक मिलने पर उसे तत्काल आगे इलाज के लिए हमीरपुर जिला अस्पताल भेजा गया।
निरीक्षण के दौरान टीम भैरव डेरा आंगनबाड़ी केंद्र भी पहुंची, जहां केंद्र बंद मिला। इस पर अधिकारियों ने केंद्र बंद होने के कारणों की जानकारी जुटाई और संबंधित जिम्मेदारों से स्पष्टीकरण मांगा।
टीम ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों के पोषण, साफ-सफाई और नियमित स्वास्थ्य जांच को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही अभिभावकों से बच्चों को संतुलित आहार देने और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने की अपील की गई।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में कुपोषण मुक्त अभियान लगातार चलाया जा रहा है। बच्चों के स्वास्थ्य से किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण टीम में डॉ. मनीष, अनुराग, रमेश गुप्ता और नैंसी शामिल रहे।