news-details

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को साइबर सुरक्षा के दिए गए टिप्स

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या के हैरिंग्टनगंज ब्लॉक सभागार में मंगलवार को आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के लिए साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) राजेश कुमार गुप्ता ने की। इसमें एनआईआईटी फाउंडेशन, नई दिल्ली के साइबर सिक्योरिटी ट्रेनर आयुष सिंह ने प्रतिभागियों को साइबर ठगी से बचाव और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर सुरक्षा का उद्देश्य ऑनलाइन उपकरणों, बैंक खातों और डिजिटल पहचान को सुरक्षित रखना है। प्रशिक्षण के दौरान फिशिंग, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए गए। उन्होंने सलाह दी कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता जांचें और मजबूत व अलग-अलग पासवर्ड का इस्तेमाल करें। साइबर ठगी होने की स्थिति में तुरंत इंटरनेट बंद करने, बैंक कार्ड और यूपीआई सेवाएं ब्लॉक कराने, सबूत सुरक्षित रखने, साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने, हेल्पलाइन 1930 पर सूचना देने और स्थानीय पुलिस से संपर्क करने की भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे और डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विनीता देवी, आरती रावत, किरण कुमारी, खुशबू, संजू वर्मा, माया सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं मौजूद रहीं।