
पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। सोमवार से 9 दिवसीय श्रीराम कथा का शुभारंभ हो गया है। सीतापुर रोड स्थित बृज की रसोई परिसर में जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी महाराज 1 जून से 9 जून तक प्रतिदिन श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा सुनाएंगे। कथा प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक आयोजित की जाएगी।कथा को लेकर आयोजन स्थल पर व्यापक तैयारियां की गई हैं। पूरे परिसर को धार्मिक और सांस्कृतिक रूप से भव्य स्वरूप में सजाया गया है। आयोजन समिति के अनुसार कथा के लिए विशाल पंडाल तैयार किया गया है, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की गई है।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर की तर्ज पर तैयार किया गया भव्य मंच है। बंगाल के कारीगरों द्वारा व्यासपीठ के पीछे राम मंदिर की आकर्षक प्रतिकृति तैयार की गई है, जो श्रद्धालुओं को रामनगरी की अनुभूति कराएगी।आयोजन से पहले विधायक डॉ. नीरज बोरा के नेतृत्व में समिति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट कर उन्हें कार्यक्रम का आमंत्रण दिया था। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कथा मंच के पोस्टर का विमोचन कर आयोजन के लिए शुभकामनाएं भी दी थीं।आयोजकों का कहना है कि कथा के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्श, मर्यादा, राष्ट्रभक्ति और सनातन संस्कृति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी अपनी ओजस्वी वाणी और शास्त्रीय व्याख्यान शैली के लिए प्रसिद्ध हैं, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।आयोजन स्थल पर सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा और यातायात प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की गई है। समिति ने श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचकर कथा का लाभ लेने की अपील की है।