
Pardarshi Vikas News Lucknow
लखनऊ के विभूतिखंड क्षेत्र में हुई 75 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस सनसनीखेज वारदात का मास्टरमाइंड एक होटल का ड्राइवर निकला, जो लंबे समय से कैश कलेक्शन का काम करता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 45 लाख रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो बरामद की है।
घटना 5 अप्रैल की है, जब गुजरात निवासी निकुल सिंह जडेजा से कैश से भरा बैग लूट लिया गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर 10 अप्रैल को कठौता झील के पास से उन्हें दबोच लिया।
जांच में सामने आया कि ड्राइवर राहुल यादव ने बड़ी रकम देखकर अपने चचेरे भाई आकाश यादव के साथ मिलकर साजिश रची। इसके बाद गिरोह के अन्य सदस्यों को शामिल कर वारदात को अंजाम दिया गया। जैसे ही कैश बैग होटल से निकला, राहुल ने साथियों को सूचना दे दी, जिसके बाद आरोपियों ने हमला कर बैग लूट लिया।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और फरार अन्य साथियों की तलाश जारी है।