
कानपुर के गोविंद नगर थाना क्षेत्र में एक प्राइवेट कर्मी से 6.50 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि युवक ने उसे 68 करोड़ रुपये के बड़े प्रोजेक्ट का झांसा देकर कंपनी में पार्टनर बनाया और 50 प्रतिशत मुनाफे का लालच दिया।पीड़ित अवधेश कुमार पांचाल के अनुसार आरोपी ने फर्जी बैंक स्टेटमेंट दिखाकर विश्वास दिलाया कि प्रोजेक्ट में पहले ही 25 करोड़ रुपये एडवांस जमा किए जा चुके हैं। झांसे में आकर उसने नौकरी छोड़कर कारोबार में कदम रखा।आरोपी ने बाद में पीड़ित के क्रेडिट कार्ड से भी खर्च कराया और दो प्राइवेट बैंकों से करीब 3.63 लाख रुपये का लोन दिला दिया, जिसकी किस्तें भी नहीं चुकाई गईं। इसके अलावा कुल मिलाकर लगभग 6.50 लाख रुपये की ठगी का आरोप है।पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। मामले की शिकायत पुलिस कमिश्नर से की गई है और जांच शुरू कर दी गई है।