
पारदर्शी विकास न्यूज़ प्रयागराज। 60 हजार प्राथमिक शिक्षक पदों पर भर्ती की मांग को लेकर प्रयागराज में छात्रों का आंदोलन गुरुवार को फिर तेज हो गया। बुधवार रात प्रदर्शनकारियों को हटाए जाने के बाद गुरुवार को हजारों छात्र-छात्राएं सिविल लाइंस स्थित धरना स्थल के पास जुट गए। पुलिस ने रास्ते पर बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद छात्र हर्ष होटल के पास एकत्र होकर भर्ती की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार की ओर से भर्ती को लेकर ठोस निर्णय होने तक आंदोलन जारी रहेगा। रायबरेली निवासी अभ्यर्थी रजत सिंह ने आरोप लगाया कि आयोग की ओर से लगातार भ्रामक सूचनाएं मिलने से अभ्यर्थियों में नाराजगी है। उन्होंने यूपीटीईटी में नॉर्मलाइजेशन की प्रक्रिया स्पष्ट नहीं किए जाने पर भी सवाल उठाया।छात्रों ने बुधवार रात की पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि कुछ प्रदर्शनकारियों को जबरन हटाया गया और टेंट सहित अन्य सामान कब्जे में लिया गया। गुरुवार को बड़ी संख्या में छात्राओं ने भी प्रदर्शन में भाग लिया। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और आंदोलन जारी रहा।