
महाना के आवास के बाहर दूसरे दिन भी प्रदर्शन
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। लालबंगला स्थित विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के आवास के बाहर दिव्यांगों का धरना रविवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। भारत दिव्यांग सेवा के संस्थापक प्रदीप श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर तख्तियां लेकर पहुंचे। पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। इसके बाद पुलिस दो कार्यकर्ताओं को जीप में बैठाकर ले गई।प्रदीप श्रीवास्तव का आरोप है कि वह पिछले छह महीने से अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही। उनकी मांगों में कार्यक्रम स्थल से कूड़ा हटवाना, अतिक्रमण दूर करना, आवारा कुत्तों पर कार्रवाई और एक कार्यकर्ता को नौकरी दिलाना शामिल है।प्रदीप के मुताबिक, 29 नवंबर को प्रमिला सभागार में वार्षिक अधिवेशन प्रस्तावित है, जबकि जीटी रोड स्थित द्वारिकापुरी में विश्व दिव्यांग दिवस का कार्यक्रम होना है। आयोजन स्थलों के आसपास गंदगी और अतिक्रमण से परेशानी हो रही है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।विधानसभा अध्यक्ष के प्रतिनिधि सुरेंद्र अवस्थी ने कहा कि प्रदीप श्रीवास्तव की बात कई बार सुनी जा चुकी है। नौकरी की मांग पूरी कराना संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि सतीश महाना के लखनऊ से लौटने पर मुलाकात कराने का आश्वासन दिया गया है।प्रदीप श्रीवास्तव ने चेतावनी दी कि मांगों का समाधान नहीं हुआ तो वह एक दिवसीय अनशन करेंगे।